बैकुंठपुर | ग्रामीणों को परिवहन विभाग की सेवाएं उनके क्षेत्र में उपलब्ध कराने की दिशा में ग्राम पंचायत पोड़ी में 22 एवं 23 जुलाई को तहसील स्तरीय दो दिवसीय लर्निंग लाइसेंस (एलएल) शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पोड़ी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियों एवं नागरिकों ने पहुंचकर लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया।
यह शिविर सामाजिक कार्यकर्ता राम सजीला यादव की मांग पर आयोजित किया गया। उन्होंने जून माह में जिला परिवहन अधिकारी, कोरिया को आवेदन देकर ग्राम पंचायत पोड़ी में लर्निंग लाइसेंस शिविर लगाए जाने की मांग की थी। आवेदन में बताया गया था कि ग्रामीणों को लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत आती है।
परिवहन विभाग ने मांग को जनहित में स्वीकार करते हुए शिविर आयोजित करने की स्वीकृति दी। विभाग के निर्देश पर मुकेश परिवहन सुविधा केन्द्र, चिरमिरी द्वारा शिविर का संचालन किया गया। इस दौरान आवेदकों का पंजीयन किया गया तथा उन्हें लर्निंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई। विभागीय आदेश में अली परिवहन सुविधा केन्द्र का नाम भी शामिल था, हालांकि उनकी सहभागिता नहीं हो सकी।
राम सजीला यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे शिविरों के आयोजन से लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलती है और शासन की सेवाएं गांव तक पहुंचती हैं। उन्होंने जिला प्रशासन, जिला परिवहन अधिकारी एवं परिवहन विभाग का आभार व्यक्त किया।ग्रामीणों ने भी शिविर के आयोजन का स्वागत करते हुए कहा कि यदि ऐसे शिविर नियमित रूप से लगाए जाएं तो दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में काफी सुविधा होगी।