कोरिया टाईम्स ब्यूरो संतोष सिंह सूर्यवंशी
ज्ञापन में बताया गया कि छत्तीसगढ़ में यादव समुदाय पारंपरिक रूप से यादव, ठेठवार, गोपाल, अहीर, गोल्ला, ग्वाला, प्रधान, चौधरी, कोका राय, घोष, यदु, यदुवंशी, कबराईत, गौण, रावत, राउत, गयार, महकुल सहित अनेक उपजातियों एवं उपनामों से जाना जाता है। वहीं, देशभर में यादव समाज 700 से अधिक उपजातियों एवं समानार्थी नामों में दर्ज है, जिसके कारण जनगणना के दौरान समाज की वास्तविक जनसंख्या एवं सटीक आंकड़े सामने नहीं आ पाते।
महासभा ने मांग की कि आगामी जाति जनगणना में यादव समाज की सभी उपजातियों, उपनामों एवं समानार्थी नामों को एकीकृत कर केवल "यादव" श्रेणी में शामिल किया जाए, जिससे समाज की वास्तविक जनसंख्या का सही आंकलन हो सके तथा भविष्य की नीतियों एवं योजनाओं में उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जा सके।
यह ज्ञापन अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. स्वप्न कुमार घोष एवं शताब्दी समारोह के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व एवं कुशल मार्गदर्शन में सौंपा गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ यादव महासभा के पदाधिकारियों एवं समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
ज्ञापन सौंपने के पश्चात समाज के प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि शासन एवं जनगणना विभाग उनकी मांग पर सकारात्मक विचार करेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा समाज की एकता और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।